पहाड़ियों में गश्त के दौरान हादसे में घायल जवान का निधन

के० एस० टी०,(गाजीपुर) संवाददाता। क्षेत्र के वृंदावन निवासी व अरूणांचल प्रदेश की पहाड़ियों में गश्त के दौरान बीते 29 मई को हुए सड़क हादसे में घायल सेना के जवान अभिषेक यादव (25) की मंगलवार की रात गुवाहाटी आर्मी बेस अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। इससे स्वजनों में कोहराम मच गया। जवान के घर स्वजनों को सांत्वना देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है।

गुरुवार को हवाई मार्ग से उनका पार्थिव शरीर आने की उम्मीद है। जवान के पिता रामजन्म यादव और बड़े भाई हरिकेश यादव दो दिन पहले से ही गुवाहाटी पहुंच गए थे। अभिषेक यादव की तैनाती असम में है। बीते 29 मई को उसकी ड्यूटी अरूणांचल प्रदेश की पहाड़ियों में लगी थी। पहाड़ियों में गश्त के बाद वह वापस अपने कैंप के लिए आ रहे थे, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये।

सेना के हेलिकाप्टर द्वारा अभिषेक को गुवाहाटी आर्मी बेस अस्पताल लाया गया। इसकी सूचना अधिकारियों ने अभिषेक के स्वजनों को दी। इस पर पिता और बड़े भाई गुवाहाटी पहुंच गए। वह तभी से अभिषेक के साथ अस्पताल में थे। मंगलवार की रात अभिषेक ने दम तोड़ दिया। गुवाहाटी से बड़े भाई हरिकेश यादव ने बताया कि बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई हुई। भाई का पार्थिव शरीर गुरुवार को लेकर घर आएंगे।

दो वर्ष पूर्व हुए थे भर्ती

अभिषेक यादव दो वर्ष पहले सेना में भर्ती हुए थे। वह काफी होनहार व घर के एकमात्र कमासुत सपूत थे। पांच बहनों व दो भाईयों में सबसे छोटे अभिषेक की शादी नहीं हुई थी। बड़े भाई हरिकेश यादव, जो घर पर रहकर खेतीबारी देखते हैं। उन्होंने बताया कि फौजी भाई की शादी के लिए एक-दो जगह बातचीत चल रही थी।

स्वजनों को नहीं है जानकारी

रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी रामजन्म यादव बेटे के शव के साथ गुवाहाटी में गम में डूबे हुए हैं। घर पर मां समावती देवी से लोग घटना के बारे में नहीं बताए थे, लेकिन सभी विवाहित बहनें बिद्रा, इंद्रा, सावित्री, रमाती व ममता सहित अन्य रिश्तेदार घर पहुंचने लगे थे।

चार जून को आने वाले थे छुट्टी पर

अभिषेक यादव बीते दिसंबर माह में आखिरी बार छुट्टी पर घर आए थे। वह इसी चार जून को पुन: घर के लिए छुट्टी पर आने वाले थे। इसी बीच सड़क हादसे में हुई उसकी मौत से स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *