हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी से अभी नहीं मिलेगी राहत

के० एस० टी०,शिमला/धर्मशाला संवाददाता। हिमाचल प्रदेश में गर्मी अभी और परेशान करेगी। 10 जून तक वर्षा की संभावना नहीं दिख रही है। पहले मौसम विशेषज्ञों की ओर से साेमवार छह मई से प्री मानसून के सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही थी। लेकिन अब कुछ दिन मौसम की बेरुखी का सामना करना पड़ सकता है। इस बीच पहाड़ पर भी भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ सकती है।

 

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी। शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में एक डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि डलहौजी में 2.6 डिग्री दर्ज की गई। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री तक पहुंच गया है।

 

दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। इस कारण हवा में नमी की मात्रा में बहुत अधिक गिरावट आई है। हालांकि शिमला सहित कई क्षेत्रों में दोपहर बाद बादल छा गए, लेकिन कहीं वर्षा नहीं हुई।

कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस), स्थान, न्यूनतम, अधिकतम-: शिमला, 18.7, 28.4, सुंदरनगर, 15.8, 37.3, भुंतर, 14.1, 35.5, कल्पा, 9.4, 23.2, धर्मशाला, 23.2, 36.0, ऊना, 21.2, 43.0, नाहन, 23.5, 37.1, केलंग, 5.0, 19.3, सोलन, 15.6, 35.2।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *