Skip to contentके० एस० टी०,इटावा संवाददाता। मैनपुरी माडल ने गुजरात माडल को फेल कर दिया है। 2024 में होने वाले आम चुनाव में चाचा शिवपाल के साथ मिलकर भाजपा को हराएंगे। भाजपा के लोग सोच रहे थे कि आजमगढ़ हरा दिया, रामपुर को हरा दिया और अब मैनपुरी को भी हरा देंगे। ये बातें सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर आयोजित किसान सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहीं। इसके पहले सपा अध्यक्ष, शिवपाल यादव व सांसद डिंपल यादव ने चौधरी चरण सिंह डिग्री कालेज में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पर तंज कसा और कहा कि करहल में फुटबाल खेलने आए थे, यह अच्छा हुआ कि जसवंतनगर नहीं गए। वह नहीं जानते कि मैनपुरी व जसवंतनगर के लोग स्प्रिंग की तरह कार्य करते हैं, उन्हें जितना दबाया जाएगा उतना ही यहां के लोग उछलेंगे। अखिलेश ने कहा कि चौधरी साहब किसानों के बड़े नेता थे। चौधरी साहब व नेताजी ने किसानों के लिए जितना कुछ हो सका किया, लेकिन यह सरकार बर्बाद करने की कोशिश में है। सांसद डिंपल यादव ने चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने किसानों के जीवन को सुधारने का कार्य किया है।
विधायक शिवपाल यादव ने कहा कि मैनपुरी के लोगों ने पुलिस की तानाशाही के बावजूद भी सपा के पक्ष में वोट दिया। रामपुर में भी हम जीत सकते थे लेकिन बेमानी से हरा दिया गया। चौधरी चरण सिंह डिग्री कालेज किसान दिवस पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, शिवपाल यादव व सांसद डिंपल यादव ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। छात्राओं ने राष्ट्रीय गीत पढ़ा और उन्हें गार्ड आफ आनर भी दिया। उसके बाद वह आडिटोरियम पहुंचे जहां पर प्राचार्य डा0 शैलेंद्र कुमार शर्मा एवं डा. फतेह बहादुर सिंह यादव, डा0 अरविंद यादव ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया।