नोएडा-गाजियाबाद समेत दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, राजधानी में जलभराव, यलो अलर्ट जारी

नई दिल्ली। दिल्ली और इसके आसपास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मंगलवार सुबह कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और मौसम खुशनुमा हो गया। नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हो रही है। कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला। सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में बारिश की बूंदों ने दस्तक दी। इससे पहले, सोमवार दोपहर में भी कुछ इलाकों में बारिश हुई थी और रात के समय भी बूंदाबांदी देखी गई थी। इन बारिशों के कारण हवा में नमी बढ़ी और तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को उमस से बड़ी राहत मिली। दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम में बारिश हो रही है।
सफदरजंग में आठ मिमी बारिश रिकॉर्ड:- आईएमडी के मुताबिक, सोमवार शाम 5 बजकर 50 मिनट तक सफदरजंग में आठ मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश रिज इलाके में 19.4 मिमी दर्ज की गई। इसके बाद लोधी रोड पर 11.5 मिमी रिकॉर्ड की गई। पूसा में चार मिमी, आयानगर में 3.8 मिमी और जनकपुरी में दो मिमी वर्षा हुई। मयूर विहार, नरायना और नजफगढ़ में बहुत हल्की बारिश 0.5 मिमी दर्ज की गई। वहीं पालम, जाफरपुर और छतरपुर में इस समय अवधि में बारिश नहीं हुई।
अगले दो दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी:- दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 जुलाई से 2 अगस्त तक आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज धूप से राहत मिलेगी, हालांकि उमस बनी रह सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 और 29 जुलाई को बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। इन दोनों दिनों में ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश के एक-दो दौर हो सकते हैं, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में मौसम विभाग ने अगले दो दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
30 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना:- 30 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। वहीं, 31 जुलाई और एक और दो अगस्त को मौसम अधिकतर बादलों से घिरा रहेगा और कुछ जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हवा की दिशा में बदलाव के साथ दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलेंगी।