किदवई नगर के ओ ब्लाक सब्जी मंडी नगर निगम व जलकल को हैंडओवर

के० एस० टी०,कानपुर नगर संवाददाता। ओ ब्लाक सब्जी मंडी किदवईनगर के दिन बहुरेंगे। 33 साल बाद योजना केडीए से जलकल और नगर निगम को हैंडओवर हो गयी। साथ ही केडीए ने विकास कार्य कराने के लिए नगर निगम को 9.20 करोड़ रुपये और जलकल विभाग को 5.16 करोड़ रुपये विकास कार्य के लिए दिए हैं। जल्द प्रस्ताव तैयार करके नगर निगम और जलकल विकास कार्य कराने की तैयारी कर रहा है।

 

सालों से विकास की राह देख रहे पांच हजार वाशिदों को अब राहत मिलेगी। केडीए ने वर्ष 1978 में ओ ब्लाक सब्जी मंडी किदवईनगर योजना विकसित की थी। 33 साल गुजर जाने के बाद भी योजना नगर निगम और जलकल को हैंडओवर नहीं थी।योजना हैंडओवर न होने के कारण जलकल और नगर निगम टैक्स नहीं वसूलते थे और न हीं विकास कार्य होता था। हैंडओवर की औपचारिकताएं पूरी हो गईं हैं।

अब केवल नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी और केडीए सचिव एसपी सिंह के अनुबंध में हस्ताक्षर होना बाकी है। नगर निगम के मुख्य अभियंता एसके सिंह ने बताया कि केडीए ने चेक दे दिया है। 1978 में किदवई नगर क्षेत्र में 36 एकड़ में बसी ओ ब्लॉक सब्जी मंडी में फल व सब्जी मंडी बसाई गई थी। बाद में सब्जी मंडी वर्ष 2003 में चकरपुर शिफ्ट कर दी गयी। वर्ष 2008 में केडीए बोर्ड बैठक ने क्षेत्र को आवासीय घोषित कर दिया।

इस दौरान योजना के हैंडओवर को लेकर केडीए और जलकल व नगर निगम के बीच खींचतान चलती रही। इसके चलते क्षेत्र का विकास भी ठप रहा। हालत यह है कि सीवर लाइन चोक पड़ी है। जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। सड़कें और फुटपाथ टूटे पड़े है।

 

प्राधिकरण की अरबों की जमीन पर कब्जा-: 15000 वर्ग मीटर भूमि ट्रकों की पार्किंग के लिए कानपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आरक्षित थी जिस पर वर्तमान में केडीए में पूर्व में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा कब्जे कर उन पर फैक्ट्रियां चलाई जा रहीं हैं। इसके अलावा 10 भूखंडों पर एक ही व्यक्ति का कब्जा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *