Skip to contentके० एस० टी०,कानपुर नगर संवाददाता। कल्याणपुर की एक युवती को शातिर ने पहले बैंक अधिकारी बनकर प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद खुद का आईएएस में सेलेक्शन होने का झांसा देकर प्रेमिका से 71 लाख रुपये ठग लिए। शातिर ने आईएएस अधिकारी बनने के बाद शादी करने की बात कही थी। शातिर ने उसे भरोसा दिलाने के लिए सरकारी विभाग की वेबसाइट की मेल आईडी और जॉइनिंग के डाक्यूमेंट्स व्हाट्सएप किए।
जब युवती को जालसाजी का अहसास हुआ तब उसने रविवार को कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। युवती ने पुलिस को बताया कि शुक्लागंज के दिवाकर मिश्रा उर्फ सत्यम परिवारिक मित्र हैं। उनके माध्यम से चकेरी के नीतेश पांडेय से मुलाकात हुई। नीतेश ने खुद को एक सरकारी बैंक में फील्ड ऑफिसर बताते हुए शादी का प्रस्ताव रखा। धीरे-धीरे विश्वास बढ़ने पर उसने पहले एसडीएम और फिर आईएएस में सेलेक्शन होने का दावा किया।
इसकी पुष्टि नीतेश के भाई जीतेश,भाभी आकांक्षा और दिवाकर मिश्रा उर्फ सत्यम ने भी की। आरोप है कि साक्षात्कार और चयन के नाम पर युवती से पहले 3.50 लाख रुपये नकद लिए। इसके बाद 23 लाख नकद और लिए। घर में रखे करीब 45 लाख के सोने चांदी के गहने भी दे दिए। आरोपियों ने दबाव बनाकर चांदी की सिल्ली और कीमती गहने भी अपने पास रख लिए। बाद में रुपये वापस मांगने पर फर्जी नियुक्ति पत्र और चेक देकर भरोसा दिलाया।
फिर बातचीत बंद कर दी। इसके बाद निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाने लगा। 14 अक्तूबर 2025 को दिवाकर मिश्रा घर में घुस आया और चाकू दिखाकर पूरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर नीतेश, दिवाकर, जीतेश और आकांक्षा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।