पहाड़ी क्षेत्र में उठे चक्रवात का प्रभाव कम होने से फिर चढ़ा पारा

के० एस० टी०,कानपुर देहात संवाददाता। पहाड़ी क्षेत्र में उठे चक्रवात का प्रभाव कम होने से बुधवार को मौसम में फिर से परिवर्तन हो गया। पिछले 24 घंटे में करीब चार डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान बढ़ने पर लोगों को उमस व गर्मी से जूझना पड़ा। इसके साथ ही आवागमन करने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जम्मू कश्मीर के साथ ही अन्य पहाड़ी क्षेत्र में उठे चक्रवात के कारण दो दिन पूर्व मौसम में परिवर्तन हुआ था। तेज हवा चलने के कारण यकायक छह से सात डिग्री सेल्सियस गिरावट हुई थी। इसके साथ ही बदली भी छाई रही थी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली थी और मौसम खुशनुमा हो गया था। वहीं बुधवार को फिर से मौसम में परिवर्तन हुआ और.

चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी की साथ अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तेज धूप के साथ ही उमस अधिक होने के कारण लोगों को घरों में भी चैन नहीं मिली। वहीं न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धूप तेज होने के कारण राहगीरों को परेशानी हुई,

जबकि दोपहर में सड़कों पर भी सन्नाटा छाया रहा। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से मौसम का रुख बदला था। प्रभाव कम होने के बाद फिर से तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने बताया कि अभी 40 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ने की संभावना है।

इसके साथ ही बारिश के आसार भी दिख रहे हैं। कानपुर देहात व आसपास के जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं जून के तीसरे सप्ताह में मानसून की दस्तक की स्थितियां भी बन रही हैं। कोई चक्रवाती बदलाव न हुआ तो समय से मानसून आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *