खाटू श्‍याम मंदिर में मची भगदड़, तीन की मौत कई घायल

के० एस० टी०,राजस्‍थान संवाददाता। राजस्‍थान (Rajasthan) के सीकर (SIkar) में खाटूश्याम जी के मासिक मेले में आज सवेरे भगदड़ मच जाने से तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई और तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिलाओं को उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया जबकि कुछ घायल श्रद्धालुओं को खाटूश्याम जी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई है।

घटना सुबह 5 बजकर 20 मिनट की है। बता दें कि आज एकादशी (Ekadashi) का पर्व होने से खाटू में लाखों लोगों की भीड़ पिछले दो दिन से जमा है। आज जब सुबह-सुबह मंदिर प्रशासन ने दर्शन के लिए गेट खोला तो भगदड़ मच गई और 3 महिलाएं उसके नीचे दब जाने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद खाटू श्याम मंदिर (Khatu Shyam temple) परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। परिजन एक दूसरे के बारे में जानकारी लेने में लगे रहे। अभी भी इस हादसे को लेकर खाटू में सन्नाटा छाया हुआ है।

सीकर में है खाटू श्यामजी का मंदिर-: खाटूश्यामजी का मंदिर शहर के मध्य में बना हुआ है। इसमें पूजा के लिए एक बड़ा हॉल है, जिसे जगमोहन के नाम से जाना जाता है। गर्भगृह के द्वार और उसके आसपास को चांदी की परत से सजाया गया है। गर्भगृह के अंदर बाबा का शीश है। शीश को हर तरफ से खूबसूरत फूलों से सजाया गया है। मंदिर के बाहर भक्तों के लिए एक बड़ा मैदान है। वीर बर्बरीक (श्याम बाबा) द्वापर युग भीमसेन और नाग कन्या अहिलावती (बसाक/बासुकी नाग की पुत्री) के पुत्र हैं। खाटू श्यामजी को कलियुग का देवता माना जाता है। श्यामजी कृष्ण के पर्याय हैं और इस प्रकार, उनकी उसी रूप में पूजा की जाती है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

धार्मिक स्थलों पर भगदड़ की अन्य घटनाएं

इस साल मई में मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक धार्मिक कार्यक्रम में नारियल वितरण के दौरान भगदड़ मचने से 17 श्रद्धालु घायल हो गए थे। जहां धार्मिक प्रवचन दिए जा रहे थे, वहां करीब 25,000 श्रद्धालु मौजूद थे। घटना सागर के बीना कस्बे के खिमलासा रोड पर हुई। घायलों को सिविल अस्पताल और बीना रिफाइनरी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इससे पहले अप्रैल में छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के एक मंदिर में भगदड़ में 22 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। यह घटना ओडगी थाना क्षेत्र के मां कुदरगढ़ी देवी मंदिर में कोरिया जिले के श्रद्धालुओं के एक समूह के बीच विवाद के बाद हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *