उत्तर प्रदेश सरकार ने जनता को अपराध कोरोना व बाढ़ के संकट में डूबो दिया

के० एस० टी०,लखनऊ संवाददाता। लखनऊ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता को अपराध‚ कोरोना महामारी और बाढ़ के संकट में डूबो दिया है। भाजपा सरकार केवल गाइडलाइन जारी करती है और सो जाती है।

श्री यादव ने मंगलवार को यहां जारी अपने बयान में कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को नियंत्रण में रखने पर भाजपा की राज्य सरकार पूरी तरह विफल है। अपराधियों पर उसका कोई अंकुश नहीं रह गया है।

उन्होंने कहा प्रदेश में पुलिस के भरोसे नहीं जनसामान्य की सुरक्षा अपराधियों की दयादृष्टि से ही सम्भव है। वकील‚ महिला‚ बच्चियां‚ नौजवान सभी अपराधियों के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कोरोना महामारी के मद्दे नजर दूसरे राज्यों से यूपी लौटे लोग अब रोजी–रोटी को मोहताज हैं।

ऐसे में लोग अब खुद ही मौत को गले लगा रहे हैं। श्री यादव ने कहा प्रदेश में लगभग 1 लाख से ज्यादा कोरोना मरीज हो गए हैं। कोरोना संकट दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। उत्तर प्रदेश में 97,362 केस मिले जिनमें 1,778 मौतें हो चुकी है।

राजधानी लखनऊ में 22 मौतें हुई हैं। मंगलवार को कोविड–19 की तादाद भारत में 18.5 लाख तक पहुंच गई। 24 घंटे में 52,050 नए केस दर्ज हुए। उन्होंने राज्य कहा है कि बाढ़ का प्रकोप गहराता जा रहा है। तटबंध टूट रहे हैं।

गांव जलमग हो रहे हैं। बाढ़ पीड़ितों को सरकार सुध नहीं ले रही। अधिकारी उधर झांकने भी नहीं जा रहे हैं। आजमगढ़ की सगड़ी तहसील बुरी तरह बाढ़ ग्रस्त है। एक तरफ छोटी सरयू और दूसरी तरफ घाघरा नदी में बाढ़ के कारण सैकड़ो गांव प्रभावित हैं।

इससे 20 हजार की आबादी प्रभावित हुई है। सपा अध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए न तो नाव की व्यवस्था है और न ही स्वास्थ्य सेवाएं पीड़ितों तक पहुंच रही हैं। पशुओं की सुरक्षा और तटबंधों की निगरानी भी नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *