जम्मू कश्मीर में नये उपराज्यपाल नियुक्त

के० एस० टी०,गाजीपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा को जम्मू कश्मीर का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। गुरुवार सुबह राष्ट्रपति भवन की ओर से इस आशय की सूचना जारी की गई है। भाजपा नेता मनोज सिन्हा पूर्वांचल में भाजपा के बड़े चेहरों में से एक हैं।

मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में रेल राज्य मंत्री सहित दूर संचार जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार उनके पास था।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अति करीबियों में से वह एक हैं। बीते वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव वह हार गए थे। मनोज सिन्हा का जन्म एक जुलाई 1959 को मोहनपुरा मुहम्मदाबाद गाजीपुर यूपी में हुआ था।

उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक और एमटेक किया। वह बीएचयू के विद्यार्थी संघ के अध्यक्ष भी रहे हैं। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के छात्र संघ का अध्यक्ष बनने के साथ ही 1982 से उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत हुई।

वह 1996 में पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए और उन्होंने 1999 में दोबारा जीत हासिल की। सिन्हा 1989 से 1996 तक भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य रहे। वह 2014 में लोकसभा चुनाव में भाजपा के सत्ता में आने पर तीसरी बार निचले सदन के लिए चुने गए। वह रेल राज्य मंत्री रहे हैं और बाद में उन्हें संचार मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार भी सौंपा गया था।

निजी जीवन

भागलपुर बिहार की नीलम सिन्हा से इनकी शादी एक मई 1977 को हुई। इनकी एक बेटी है जिसकी शादी हो चुकी है। एक बेटा है जो एक टेलीकॉम कंपनी में काम कर रहा है।

उप्र के सीएम की रेस में भी थे सबसे आगे

उत्तर प्रदेश के वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद तत्कालीन रेल राज्यमंत्री व संचार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनोज सिन्हा मुख्यमंत्री के रेस भी सबसे आगे चल रहे थे।

उन्हें पूरी उम्मीद थी कि वहल सीएम की शपथ लेंगे, इसलिए वह वाराणसी पूजा करने पहुंच गए। इसी दौरान योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद नेताओं में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *