रफ्तार पर गजब ढाया घने कोहरे नें

के० एस० टी०,कानपुर देहात। जिले में सुबह घना कोहरा छा गया। लोग घरों से निकले तो मौसम अचानक बदला देख दंग रहे गए। कोहरे से रेल संचालन पर तो असर पड़ा ही, साथ ही हाईवे पर सवार बेहद धीमी गति से गुजरे और दिन में ही लाइट जल गई।

दोपहर में ही लोगों को सूर्य भगवान के दर्शन हुए और शाम तक धूप आती जाती रही। मौसम में ठंड बढ़ने से लोग स्वेटर जैकेट में नजर आने लगे हैं। मंगलवार की सुबह कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार में ब्रेक लगा दिया।

करीब तीन घंटे तक एबीएस सिस्टम चालू कर अप व डाउन की छह से भी अधिक ट्रेनों को झींझक स्टेशन पर रोक रोक कर गुजारा गया। झींझक स्टेशन पर लगे एबीएस सिस्टम (फाग सिग्नल) को भोर में 5:15 बजे पर चालू कर दिया गया और अप की हावड़ा दिल्ली राजधानी,

सियालदहा दिल्ली राजधानी, डिब्रूगढ़ दिल्ली राजधानी व डाउन की दिल्ली रांची राजधानी समेत कई माल गाड़ियों को स्टेशन पर रोक रोक कर धीमी गति से गुजारा गया। सुबह 8:15 बजे करीब कोहरा कुछ कम हुआ तो एबीएस सिस्टम बंद कर दिया गया।

स्टेशन मास्टर झींझक राजेंद्र मीणा ने बताया कि सुबह कोहरा होने के कारण तीन घंटे तक एबीएस सिस्टम को चलाकर ट्रेनों को रोक रोककर धीमी गति से गुजारा गया था। वहीं हाईवे पर भी कोहरे का अधिक असर पड़ा। दिन में वाहन सवार एहतियातन लाइट जलाकर गुजरते रहे.

जिससे कोई हादसा न हो। वाहनों की रफ्तार बेहद कम रही और सभी बिल्कुल सावधानी से गुजरे। पूर्वाह्न 11 बजे तक कोहरे का असर रहा। दोपहर 12 बजे के बाद सूर्यदेव नजर आए और धूप निकली तो थोड़ी राहत लोगों ने महसूस की। शाम तक धूप आती जाती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *