रिटायर्ड़ पुलिसकर्मी के खाते से निकाले छह लाख रुपये

के० एस० टी०,कानपुर नगर संवाददाता। क्राइम ब्रांच द्वारा साइबर ठगों के खिलाफ छेड़े़ गये अभियान के बावजूद शातिर ठग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। शातिरों ने कल्याणपुर में एक पूर्व पुलिस कर्मी के खाते से जीवन प्रमाण पत्र दाखिल करने के नाम पर सारा ब्योरा लेकर छह लाख रुपये निकाल लिये।

बैंक का मैसेज आने पर पीड़ित को ठगे जाने का एहसास हुआ‚ जिसके बाद उसने कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है। कल्याणपुर के नानकारी निवासी राम कुमार शुक्ला पुलिस विभाग से सिपाही पद से सेवानिवृत्त हैं। उनका एसबीआई की आईआईटी शाखा में खाता है। राम कुमार ने बताया कि शनिवार को उनके पास एक अनजान नम्बर से फोन आया।

फोनकर्ता ने खुद को ट्रेजरी कार्यालय का कर्मचारी बताया और पेंशन के सम्बंध में जीवन प्रमाण पत्र दाखिल करने के नाम पर उनके खाते और एटीएम का सारा ब्योरा मांग लिया। फोनकर्ता की बातों पर विश्वास करके उन्होंने उसे सारी जानकारी दे दी। डिटेल हासिल करने के बाद फोनकर्ता ने फोन काट दिया। इसके बाद उनके पास बैंक का मैसेज आया.

जिसमें बताया गया कि उनके खाते से तेइस बार में छह लाख रुपये दूसरे खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किये गये हैं। मैसेज पढ़कर उनके होश उड़़ गये। उन्होंने उसी नम्बर पर फोन किया‚ लेकिन किसी ने फोस रिसीव नहीं किया और बाद में फोन बंद हो गया।

ठगी का एहसास होने पर पीड़ित कल्याणपुर थाने पहुंचा और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी। कल्याणपुर इंस्पेक्टर वीर सिंह ने बताया कि रिटायर्ड़ पुलिस कर्मी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपी का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *