तेज बारिश के बाद उमस व गर्मी से मिली राहत

के० एस० टी०,कानपुर देहात संवाददाता। जिले में गुरुवार सुबह से तेज गर्मी के साथ बदली छाई रहने के कारण लोगों का उमस से हाल बेहाल रहा। वहीं शाम के बाद मौसम में बदलाव हुआ और झमाझम बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया। इससे तापमान में हुई गिरावट से लोगों को गर्मी उमस से राहत मिली।

वहीं अकबरपुर कस्बे में करीब एक घंटे तक हुई बारिश से जगह-जगह जलभराव की समस्या हो गई। गुरुवार को सुबह से ही मौसम गर्म रहा। चार डिग्री सेल्सियस कि गिरावट होने के बाद भी लोगों को उमस गर्मी से जूझना पड़ा और घरों में चैन नहीं मिला।

वहीं राहगीरों को भी आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा। बदली छाई रहने के कारण तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। वहीं शाम को तेज आंधी के साथ मौसम में परिवर्तन हुआ और अकबरपुर, रसूलाबाद, रनियां,

माती सहित अन्य कस्बा व ग्रामीण क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। करीब एक घंटे तक हुई बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट होने से लोगों को राहत मिली। बारिश के दौरान ही अकबरपुर कस्बे में बच्चों ने घरों की छत पर पहुंच बारिश का आनंद लिया।

झमाझम हुई बारिश के कारण नेहरू नगर, नयागंज, क्योटाना, अयोध्या नगर, मेवाती मोहाल, अशोक नगर सहित अन्य स्थानों में निकासी न होने के कारण लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। वहीं अकबरपुर अंडरपास चौराहे, बस स्टैंड सहित अन्य स्थानों पर भी लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *