नीरज भारती ने धर्मशाला पहुंचकर सुधीर शर्मा को ललकारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

र्मशाला के साथ लगते क्षेत्र कंड करडियाणा क्षेत्र में गाली गलौज करने और शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने पूर्व मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) नीरज भारती समेत 10 लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपितों में नीरज भारती व उनके पांच समर्थक शामिल हैं। वहीं हिरासत में लिए चार अन्य लोग वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के समर्थक हैं। सूत्रों के अनुसार नीरज भारती और सुधीर शर्मा के समर्थकों के बीच काफी समय से इंटरनेट मीडिया पर विवाद चल रहा है।

नीरज ने कंड करडियाणा में जमीन खरीदी हुई है। शुक्रवार को नीरज और सुधीर शर्मा के समर्थक फोन पर उलझ रहे थे। बाद में नीरज ने कंड करडियाणा में अपनी जमीन पर पहुंचकर फेसबुक लाइव किया और सुधीर शर्मा के साथ उनके समर्थकों को उकसाया। इसके बाद सुधीर शर्मा के समर्थक भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में गाली गलौज शुरू हो गया और काफी समय तक विवाद होता रहा। इसका पता चलते ही डीएसपी बलदेव शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने क्षेत्र में शांति भंग करने के आरोप में नीरज भारती समेत 10 लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में नीरज भारती के अलावा अनुराग डोगरा, सुजल कुमार, पंकज शर्मा व राजेंद्र कुमार सभी निवासी जवाली और विक्रम जीत निवासी कबाड़ी नगरोटा बगवां शामिल हैं। दूसरे पक्ष के आरोपितों में कंचन कुमार निवासी खनियारा, अश्वनी राणा निवासी बलेहड़, रमन कुमार निवासी दाड़ी और विरेंद्र कुमार निवासी डढ़ब शामिल हैं।

उधर, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा डा. खुशहाल शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में शांति भंग करने के आरोप में पूर्व सीपीएस नीरज भारती समेत 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *