आजमगढ़ में इस उमसभरी गर्मी से परेशान लोगों को बिजली ने भी रुलाया

के० एस० टी०,आजमगढ़ संवाददाता। गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। गर्मी की वजह से आम जन पूरी तरह से बिलबिला रहे हैं। इससे लोगों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। कहीं भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम बना हुआ है। शनिवार को उमसभरी गर्मी ने लोगों को बेचैन कर दिया। इसकी वजह से लोग घरों में छटपटाते रहे। कूलर व पंखे की हवा नहीं काम कर रही थी। इसकी वजह से लोग घरों से बाहर निकल आए। जगह-जगह बाग में लोग गर्मी से जूझते देखे गए।

 

चिलचिलाती धूप ने आम आदमी के जीवन की रफ्तार को रोक दिया है। इसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को अधिकतम पारा 40 डिग्री तो न्यूनतम पारा 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शुक्रवार को भी अधिकतम पारा 42 डिग्री और न्यूनतम पारा 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। हवा नहीं चलने से लोग उमसभरी गर्मी से परेशान हो उठे। सुबह आठ बजे ही लोगों को इतनी गर्मी लगने लगी कि लोग छाए की तलाश में इधर-उधर भागने लगे।

 

यही नहीं घरों में कूलर व पंखे के सामने बैठे लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही थी। चिलचिलाती धूप में ऐसा महसूस हो रहा है कि आसमान से अंगार बरस रही है। जैसे ही लोग घर बाहर निकल रहे थे त्वचा इतनी तेज जलने लगती थी कि लोग मुंह धुलने के लिए पानी की तलाश कर रहे थे। दस कदम धूप में चलना भी आसान नहीं लग रहा था। उमस से लग रहा कि उल्टी हो जाएगी। रोडवेज में बसों को खड़ा होने के लिए शेड न होने से उसमें बैठने वाले परेशान थे।

 

जगह-जगह पेय पदार्थों की बिक्री भी तेजी से शुरू हो गई है। भीषण गर्मी से पशु-पक्षी भी परेशान हैं। बिजली की हालत यह रही कि कब आई और कब गई पता ही नहीं चल पा रहा था। लोगों को हाथ के पंखे का सहारा लेना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *