दिल्ली में हल्की बारिश ने दिलाई गर्मी और लू से राहत

के० एस० टी०,नई दिल्ली संवाददाता। दिल्ली के कई इलाकों में शुक्रवार की रात हुई बारिश से तापमान में थोड़ी कमी जरूर आई, लेकिन शनिवार को दिन में आकाश साफ रहने से तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों का बुरा हाल कर दिया। शाम को थोड़ा मौसम बदला और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार ,अभी तीन दिन दिल्ली-एनसीआर में.

 

भीषण गर्मी और लू से राहत रहेगी। रविवार की शाम या रात में गरज के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवा चलेगी। इस दौरान कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद सोमवार और मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में मौसम विभाग ने दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

 

बारिश और तेज हवा होने के कारण तापमान कम होकर 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस, वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के 10 मौसम निगरानी केंद्रों में से चार जगहों पर तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। इनमें मुंगेशपुर, नजफगढ़, पीतमपुरा और स्पो‌र्ट्स कांप्लेक्स शामिल है।

 

सबसे गर्म स्थान स्पो‌र्ट्स कांप्लेक्स के आसपास का इलाका रहा। वहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुंगेशपुर और नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सबसे अधिक पीतमपुरा में 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा, वहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रहा था।

 

इसके बाद शुक्रवार की शाम और रात में दिल्ली में 0.8 मिलीमीटर बारिश हुई थी। आया नगर में सबसे अधिक 3.3 मिलीमीटर, जबकि पालम में 2.4 मिलीमीटर व लोधी रोड में 1.5 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इसके अलावा कई अन्य इलाकों में भी हल्की बारिश हुई थी।

 

 

 

 

 

 

 

कहीं खराब तो कहीं बहुत खराब श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता:- दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को प्रदूषण के स्तर में थोड़ी बढ़ोतरी हुई। इस वजह से हवा की गुणवत्ता कहीं खराब तो कहीं बहुत खराब श्रेणी में रही। सफर इंडिया के अनुसार अगले तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में ही रहेगी। दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआइ (सीपीसीबी के अनुसार):- दिल्ली 285, फरीदाबाद 252, गुरुग्राम 280, गाजियाबाद 313, नोएडा 312।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *