हेमकुंड साहिब और लक्ष्मण मंदिर के कपाट आज खुलेंगे

के० एस० टी०,उत्‍तराखंड (चमोली) संवाददाता। समुद्रतल से 15225 फीट की ऊंचाई पर चमोली जनपद में स्थित गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब आज सुबह 9:30 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इससे पूर्व, सुबह नौ बजे लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुद्वारा साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर की लाइटिंग व फूलों से भव्य सजावट की गई है। पंज प्यारों की अगुआई में शनिवार सुबह गोविंदघाट से चला श्रद्धालुओं का जत्था भी रात्रि प्रवास के लिए घांघरिया पहुंच गया। आज कपाट खुलने से पूर्व जत्था हेमकुंड साहिब पहुंच जाएगा। जत्थे में तीन हजार से अधिक संगत शामिल हैं।

यह है कपाटोद्घाटन के कार्यक्रम:- पंज प्यारों की अगुआई में आज सुबह छह बजे घांघरिया से हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुई संगत, पंज प्यारों की अगुआई में सुबह 9:30 बजे कपाट खुलने के बाद दरबार साहिब में सुशोभित होंगे गुरु ग्रंथ साहिब, सुबह दस बजे पाठ श्री सुखमणि साहिब और सुबह 10:30 बजे होंगे सबद-कीर्तन, दोपहर 12:30 बजे होगी इस साल की पहली अरदास, दोपहर एक बजे लिया जाएगा हुक्मनामा

दो साल बाद लौटी रौनक:- दो वर्ष बाद अपने भव्य स्वरूप में शुरू हो रही हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर भ्यूंडार घाटी में उल्लास का माहौल है। घाटी के ग्रामीण गोविंदघाट से लेकर हेमकुंड साहिब के बेस कैंप घांघरिया तक होटल-ढाबा, घोड़ा-खच्चर व डंडी-कंडी समेत अन्य व्यावसायिक गतिविधि संचालित करते हैं। हालांकि, हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग पर शीतकाल के दौरान क्षतिग्रस्त शौचालयों की अभी मरम्मत नहीं हो पाई है। इससे श्रद्धालुओं को परेशानियां झेलनी पड़ सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *