आजमगढ़ में लूट की योजना बना रहे हिस्ट्रीशीटर समेत तीन गिरफ्तार
22 Jul
के० एस० टी०,आजमगढ़ संवाददाता।रानी की सराय पुलिस ने बुधवार को चकखैरूल्लाह तिराहे से लूट की योजना बना रहे हिस्ट्रीशीटर समेत गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से पिकअप व हथियार बरामद हुआ है। गिरोह के चार सदस्य अंधेरे का लाभ उठाते हुए भाग निकले। उप निरीक्षक अजय प्रताप सिंह व उमेश चंद्र रात को गश्त कर रहे थे। उसी दौरान पुलिस को बदमाश के बारे में सूचना मिली।
पुलिस की दो टीम चकखैरूल्लाह तिराहे के पास पहुंच गई, जहां बदमाश एक टाटा मैजिक गाड़ी की आड़ में बात करते दिखे। जवानों ने घेराबंदी की, तो बदमाश हड़बड़ा कर भागने लगे। पुलिस ने त्रिलोकी नाथ यादव निवासी ईश्वरपुर, सूरज कुमार निवासी खलिलाबाद व यशवंत कुमार निवासी सैफपुर को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से तमंचा, दो कारतूस, पेचकस व चाभी का गुच्छा बरामद हुआ।
पुलिस ने बिना नंबर की टाटा मैजिक को कब्जे में ले लिया। उसका रजिस्ट्रेशन नंबर यशवंत के पिता विष्णु के नाम का निकला। पुलिस फरार बदमाश अनिल यादव निवासी खैरा, विशाल यादव निवासी अंधौरी, रितेश यादव निवासी रूदरी व सत्यम यादव निवासी खैरपुर की तलाश में जुट गई है। उप निरीक्षक अजय प्रताप सिंह ने बताया कि लुटेरा गैंग में सात-आठ सदस्य है। गिरोह का सरगना त्रिलोकी नाथ यादव रानी की सराय टाप टेन अपराधी व हिस्ट्रीशीटर भी है।