Skip to contentके० एस० टी०,कानपुर नगर संवाददाता। मानसून की अक्षीय रेखा बदलने से बादल भी मायूस कर रहे हैं। गुरुवार को तेज हवा के साथ दिन भर बादलों की आवाजाही होती रही। दोपहर बाद तो कई बार घने बादल भी छाए, लेकिन वर्षा नहीं हुई। शाम को कुछ स्थानों पर मामूली फुहार ही पड़ी। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने 15 अगस्त के बाद फिर से घने बादल छाने और वर्षा होने के आसार जताए हैं, तब तक इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्व विद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि गुरुवार को बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं।
इससे लोगों को राहत मिली। बादलों की आवाजाही के कारण धूप व उमस का असर भी नहीं रहा। 14 अगस्त को बंगाल की उत्तरी खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा गंगा के मैदानी क्षेत्र में असर दिखा सकती है और यहां भी वर्षा की गतिविधि बढ़ सकती है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि हवा की.
गति ज्यादा होने का असर मक्के की खड़ी फसल पर पड़ सकता है। अगर खेत में पानी भरा है तो फसल गिरने की आशंका रहती है, इसलिए किसान खेतों से पानी निकाल दें। उन्होंने बताया कि अन्य फसलों को अभी तेज हवा से कोई नुकसान नहीं होगा।