सरकारी विभाग पहले करेंगे भुगतान फिर मिलेगी बिजली

के० एस० टी०,कानपुर नगर संवाददाता। सरकारी विभागों पर बिजली के बिलों का बकाया नहीं रहेगा। उनको पहले भुगतान करना पड़ेगा। इसके बाद बिजली आपूर्ति की जाएगी। सरकारी विभागों पर केस्को के 338 करोड़ रुपये बकाया हैं। इसके बावजूद इनके कनेक्शन नहीं काटे जाते हैं। केस्को जल्द ही घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के साथ ही सरकारी विभागों में भी प्रीपेड मीटर लगाएगा। प्रीपेड मीटर लगने से पहले उनको रिचार्ज कराना प़ड़ेगा,इसके बाद बिजली मिलेगी।

 

जैसे ही रिचार्ज समाप्त होगा बिजली भई गुल हो जाएगी। दोबारा बिजली आपूर्ति के लिए फिर से रिचार्ज कराना पड़ेगा। आम उपभोक्ताओं को बिल अदा करने के बाद भी बिजली संकट से परेशान होना पड़ता है। वहीं सरकारी विभागों पर करोड़ों बकाया होने के बाद भी अधिकारी व कर्मचारी धड़ल्ले से बिजली का प्रयोग कर रहे हैं। स्वयं की जेब से बिजली का बिल न भरने पर बिजली के उपकरणों का जरूरत से अधिक प्रयोग किया जाता है। ऐसे में बकाया बढ़ता जाता है और.

केस्को को राजस्व का नुकसान होता है। करोड़ों बकाया होने के बाद भी केस्को सरकारी विभागों की बिजली नहीं काटता है। उनको बकाया बिलों की वसूली का नोटिस भेजा जाता है। बिजली काटी भी जाती है तो कुछ ही घंटों में जोड़ दी जाती है। अब केस्को सरकारी विभागों पर नकेल लगाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए सभी सरकारी विभागों में पोस्टपेड मीटर हटाकर स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे। प्रीपेड मीटर लगने से जितना रिचार्ज कराया जाएगा उतनी ही बिजली मिल सकेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

इन विभागों पर इतना बकाया-: कानपुर फर्टिलाइजर 170.56 करोड़, जल निगम 147 करोड़, नगर निगम 13 करोड़, पंचायत राज 3 करोड़, कैंट बोर्ड 1.50 करोड़, लोक निर्माण 1.10 करोड़, सिंचाई विभाग 90 लाख, प्राथमिक शिक्षा 31 लाख, उच्च शिक्षा 28 लाख, सेवा योजन 9 लाख, एलोपैथिक चिकित्सा 2 लाख

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पोस्टपेड मीटर हटाकर पूरे शहर में प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे। इसमें सरकारी विभाग भी शामिल हैं। अभी 47000 स्मार्ट पोस्टपेड मीटरों को प्रीपेड मीटरों में बदलने का कार्य शुरू किया गया है। स्मार्ट प्रीपेड मीटर मंगाए जा रहे हैं। इस वर्ष के अंत तक सरकारी विभागों में प्रीपेड मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगा।

– चंद्रशेखर अंबेडकर, मीडिया प्रभारी, केस्को

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *