57 सेमी ऊपर पहुंचा सरयू नदी का जलस्तर, भरा कई गांव पानी
11 Oct
के० एस० टी०,आजमगढ़ संवाददाता।सगड़ी तहसील के उत्तरी छोर पर बहने वाली सरयू नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। डिघिया नाला गेज पर नदी खतरा निशान से 57 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। वहीं, बदरहुआ नाला गेज पर खतरा निशान चार सेमी दूर है। यह स्थिति सुबह तीन बैराजों से 3.58 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से उत्पन्न हुई है।
इससे कई गांव पानी से घिर गए हैं। हाजीपुर, चक्की, भदौरा, शाहडीह, बांका, बूढनपट्टी, अभ्भनपट्टी, सोनौरा, देवारा खास राजा आदि गांवों के संपर्क मार्ग पानी में डूब गए हैं। रोजमर्रा का सामान लेने व स्कूल-कालेज जाने वाले बच्चे पानी से होकर स्कूल आ-जा रहे हैं। एक बार फिर नदी के बढ़ते जलस्तर से तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों की धड़कन तेज हो गई हैं।
डिघिया नाला गेज पर शनिवार को जलस्तर 69.89 मीटर रिकार्ड किया गया था, जो रविवार को 1.08 मीटर बढ़कर 70.97 मीटर पर पहुंच गया। खतरा बिंदु 70.40 मीटर से 57 सेंटी मीटर ऊपर। बदरहुआ नाला गेज स्थल पर शनिवार को 70.51 मीटर जलस्तर था, जो 1.13 मीटर बढ़कर रविवार को 71.64 मीटर पर पहुंच गया। यहां खतरा बिंदु 71.68 मीटर है।
यानी मात्र चार सेमी नीचे। दरअसल, शनिवार को गिरजा बैराज से 2.45 लाख क्यूसेक, शारदा बैराज से 23,445 क्यूसेक, सरयू बैराज से 90,041 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।