Skip to contentके० एस० टी०,कानपुर नगर संवाददाता। हिमालय पर आए नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा में नमी की मात्रा फिर से बढ़ने लगी है। इसकी वजह से रविवार रात इस सर्दी के सीजन की सबसे ठंडी रात रही। सोमवार तड़के न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पहाड़ों पर बर्फबारी होने पर गंगा के मैदानी क्षेत्रों में धुंध व कोहरा बढ़ने की संभावना जताई है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं.
प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा0 एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 10 नवंबर के बाद अचानक मौसम बदला है। तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की दिशा बदलकर उत्तर पूर्वी होने के कारण नमी की मात्रा भी बढ़कर 93 प्रतिशत तक हो गई है। इसी वजह से दिन में भी सर्द हवा ठंडक बढ़ा रही है।
वर्तमान में एक अक्षीय रेखा दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण से बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम तक फैली हुई है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर पर बना हुआ है। अगले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। इसका असर गंगा के मैदानी क्षेत्र में पड़ सकता है।
पिछले सात दिन का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
दिनांक – अधिकतम- न्यूनतम
14 नवंबर – 28.2 – 13.6
13 नवंबर – 27.8 – 14.0
12 नवंबर – 29.0 – 14.4
11 नवंबर – 29.2 – 15.8
10 नवंबर – 29.0 – 16.6
09 नवंबर – 30.0 – 16.6
08 नवंबर – 30.0 – 16.0