पुलिस पर ईंट पत्थर व फायरिंग करने पर पिता पुत्र समेत छह को 3 साल कैद की सजा

के० एस० टी०,कानपुर नगर संवाददाता। पुलिस पर हमला करने में पिता-पुत्र समेत छह ग्रामीणों को अपर जिला जज अवनीश कुमार ने तीन-तीन वर्ष कैद की सजा सुनायी। सभी पर कुल मिलाकर 75 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया है। अभियुक्तों को सजा के बाद अपील करने के लिए जमानत भी मिल गई। मकसूदाबाद में चार जुलाई 2015 को दो पक्षों के बीच जमीन विवाद हुआ था।

सूचना पर मंधना थाना के चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें भी घेर लिया। पुलिस से भी ग्रामीण उलझ गए और विवाद बढ़ गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया था। आरोप है कि ग्रामीणों ने फायरिंग भी की थी। ग्रामीणों के इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। सिपाही दीपक सक्सेना घायल हो गए थे। इलाज के लिए कई दिन अस्पताल में भर्ती रहे।

सिपाही धर्मेंद की बाइक तोड़ दी गई थी। जिसके बाद आलाधिकारी फोर्स लेकर पहुंचे। सहायक शासकीय अधिवक्ता जितेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि बिठूर थाना पुलिस ने सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। लेकिन चार्जशीट गांव के लालमन उसके बेटे सोमेंद्र, जय सिंह, गुलाब, बुद्दन और सुनील के खिलाफ भेजी थी। अभियोजन की ओर से पुलिस के पांच गवाह कोर्ट में पेश किए गए। गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने सभी आरोपितों को दोषी करार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *