तनिष्क शोरूम से 10 ग्राम सोने के दो सिक्के चोरी, रिपोर्ट हुई दर्ज

के० एस० टी०,कानपुर नगर संवाददाता। कानपुर के किदवईनगर थाना क्षेत्र स्थित तनिष्क शोरूम से दीपावली के दौरान 10 ग्राम सोने के दो सिक्के गायब हो गए। आवास-विकास तीन निवासी शोरूम के प्रबंधक सत्य प्रकाश तिवारी ने इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि धनतेरस के अवसर पर शोरूम में ग्राहकों की भारी भीड़ थी।

उस दिन शोरूम सुबह सात बजे से देर रात तीन बजे तक खुला था। इसी दौरान किसी ने शोकेस से सोने के दो सिक्के चोरी कर लिए। स्टॉक मिलाने पर चोरी की जानकारी हुई। एक सिक्का 24 और दूसरा 22 कैरेट का है। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ स्टाफ के लोगों से पूछताछ की है। ग्राहक बनकर आए किसी शातिर द्वारा वारदात को अंजाम देने की आशंका है।

किदवईनगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि फुटेज चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।