Skip to contentके० एस० टी०, नई दिल्ली संवाददाता। भारतीय रेलवे देशभर में हजारों ट्रेनों का संचालन कर रहा है। यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई नियम बना रखे हैं और समय समय पर इन नियमों में बदलाव भी किया जाता है। इसी सिलसिले में भारतीय ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय रेलवे ने रिजर्वेशन चार्ट तैयार किए जाने के नए नियम को लागू कर दिया है। इसको लेकर रेलवे ने सभी जोनल अधिकारियों को आदेश भी जारी किया है। इस नए नियम के लागू होने से यात्रियों को रवाना होने से पहले अपनी सीट की स्थिति पता चल जाएगी और.
इसी के अनुरूप वे अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे। अगर आप भारतीय ट्रेनों में सफर करते हैं तो रेलवे के इस नियम के बारे में जान लेना जरूरी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सुबह 5:01 से दोपहर 2 बजे के बीच जो भी ट्रेनें प्रस्थान करेंगी, उनका चार्ट एक दिन पहले रात 8 बजे तैयार हो जाएगा। अगर आपकी ट्रेन सुबह 6 बजे, 10 बजे या 1 बजे की है। इस स्थिति में आपको आपकी सीट की स्थिति एक रात पहले पता चल जाएगी। वहीं दोपहर 2:01 से लेकर रात 11:59 पर चलने वाली ट्रेनों का चार्ट रेलवे उनके प्रस्थान करने से 10 घंटे पहले तैयार करेगा। इसके अलावा अगर कोई ट्रेन रात 12 बजे से सुबह 5 बजे के.
बीच चलती है तो इस स्थिति में भी रेलवे उसका चार्ट प्रस्थान करने से 10 घंटे पहले करेगा। रेलवे के इस नए नियम से वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को काफी फायदा होगा। इससे उन्हें काफी पहले ही पता चल जाएगा कि उनकी सीट की स्थिति क्या है? अगर टिकट कंफर्म नहीं होती है तो वह यात्रा के दूसरे विकल्पों की तलाश कर सकेंगे। रेलवे ने इस बारे में बताया है कि यह निर्णय देश की सभी ट्रेनों पर लागू होगा। रेलवे ने यह भी जानकारी दी है कि नया सिस्टम ज्यादा सुविधाजनक और पारदर्शी होगा।