Skip to contentके० एस० टी०,कानपुर नगर संवाददाता। सरसौल वृहद गोसंरक्षण केंद्र में गड़बड़ी मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। पंचायत सचिव के खिलाफ विभागीय जांच, बीडीओ सरसौल व एडीओ पंचायत और पशुधन प्रसार अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिला विकास अधिकारी को जांच सौंपी गई।
सरसौल वृहद गोसंरक्षण केंद्र में गोवंशियों की बदहाली की खबर दैनिक जागरण में शुक्रवार को प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। खबर को संज्ञान लेकर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने जांच के आदेश दिए थे। सीडीओ ने जांच कराई तो जांच टीम को दो गोवंशी मृत मिले थे और छह बीमार पाए गए। सुबह का चारा दोपहर में दिया जा रहा समेत कई प्रमुख कमियां भी सामने आई थीं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर ग्रापं सचिव पुनीत मिश्रा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं। अव्यवस्था व बदहाली के जिम्मेदार बीडीओ सरसौल निशांत राय व एडीओ पंचायत अशोक सचान और पशुधन प्रसार अधिकारी से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।