Skip to contentके० एस० टी०,कानपुर संवाददाता। कल्याणपुर के दयानंद विहार में रविवार शाम सहजन की फली तोड़ने पेड़ पर 30 फीट ऊपर चढ़े युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। क्षेत्रीय लोगों ने विद्युत आपूर्ति बंद कराई। पुलिस और फायरब्रिगेड कर्मियों ने केस्को की हाईड्रोलिक क्रेन की मदद से शव नीचे उतारा। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। दयानंद विहार फेस-वन दीक्षित चौराहे के पास सड़क किनारे लगे सहजन के पेड़ के ठीक बगल से 11 हजार हाइटेंशन लाइन गुजरी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार शाम करीब पांच बजे एक युवक पेड़ पर चढ़ गया। एचटी लाइन से छूते ही तेज आवाज के साथ करंट लगने से उसकी मौत हो गई। तारों में जले युवक के फंसे होने के कारण शव को नीचे उतारने में पुलिस और अग्निशमन कर्मियों को करीब एक घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। कल्याणपुर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी भिजवाया गया है। शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है।