जल्द यूपी के इन इलाकों में बारिश की चेतावनी

के० एस० टी०,कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश के कानपुर सहित आसपास के 13 जिलों में अभी 22 सितंबर तक उमस और गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में 20 सितंबर को एक प्रभावी निम्न दबाव का क्षेत्र म्यांमार की तरफ से आने वाला है।

बंगाल की खाड़ी में सितंबर महीने का यह पहला डिप्रेशन भी हो सकता है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत को छोड़कर देश के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है। कानपुर और आस-पास के जिलों में 23 सितंबर से भारी बारिश की उम्मीद है। माना जा रहा है कि यह मानसून की आखिरी बारिश होगी।

वैसे आमतौर पर दो सितंबर तक मानसून की वापसी हो जाती है। लेकिन, इस बार मानसून देरी से वापस होगा। इसकी वजह मानसून का लगातार ठंड के मौसम की तरफ खिसकना है। यह बदलाव जलवायु परिवर्तन का असर है।

उमस में 6 प्रतिशत की बढ़त, पारा 1.6 डिग्री बढ़ा, राजस्थान से उठने वाली शुष्क हवाओं की वजह से उत्तर भारत में इस समय उमस और चिपचिपी गर्मी चरम पर है। 6 सितंबर से दिन का पारा 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य तापमान से 4 डिग्री अधिक रहा। रात का पारा 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य तापमान से 2.8 डिग्री अधिक रहा।

दिन में हवा में नमी 85 और रात में 54 प्रतिशत रिकार्ड की गई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ एसएन पांडे के अनुसार 23 से बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *