पारा फ‍िर 47 डिग्री के पार

के० एस० टी०,नई दिल्‍ली संवाददाता। कुछ दिनों की राहत के बाद देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य हिस्से फिर लू की चपेट में हैं। कई कस्बों और शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। मौसम कार्यालय ने शनिवार को कहा कि राजस्थान, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, विदर्भ, दक्षिण उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों तक लू चलने की संभावना है। शनिवार को राजस्थान के गंगानगर में अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार और उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली के मुंगेशपुर मौसम केंद्र ने राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि राष्ट्रीय राजधानी के बेस स्टेशन सफदरजंग में तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम कार्यालय ने कहा कि राजस्थान, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, विदर्भ, दक्षिण उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों तक लू चलने की संभावना है। राजस्थान और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में चार-पांच जून को 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। शुक्रवार को, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के चंद्रपुर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य भागों के 40 शहरों और कस्बों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री को पार कर गया। मौसम कार्यालय के अनुसार उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। उत्तर पश्चिम भारत ने 24 मई को आंधी के बाद पूरे क्षेत्र में लू से राहत मिली थी। इस बीच, मौसम कार्यालय ने सात जून से दक्षिणी प्रायद्वीप में बारिश का अनुमान जताया है। अगले पांच दिनों में पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी क्षेत्र बंगाल और सिक्किम में भी बारिश की भविष्यवाणी की है। 07 जून से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।

अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में मूसलाधार बारिश हो सकती है। यही नहीं अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अलग-अलग हिस्सों में हीट वेव की स्थिति रहेगी। 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्‍ली में अधिकतम तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग ने दिल्‍ली के कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। स्काईमेट वेदर मौसम विज्ञानी महेश पलावत का कहना है कि दक्षिण उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश,

राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर के मुख्‍तलिफ इलाकों लू चलने के आसार हैं। वहीं मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी एजेंसी स्‍काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटे में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग अलग स्‍थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और भारी बारिश देखी जा सकती है। यही नहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के एक दो जगहों पर हल्की से मध्यम या भारी बारिश संभव है। वहीं दक्षिण कोंकण, गोवा और तटीय आंध्र प्रदेश में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *