के० एस० टी०,हल्द्वानी संवाददाता। भारी वर्षा का दौर थमने से जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। गुरुवार को करवाचौथ पर्व पर दिनभर मौसम साफ रहा। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिन में मानसून विदा होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान कहीं पर आंशिक बादलों के बीच धूप खिली रहेगी और कहीं हल्की वर्षा की संभावना भी बन रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि स्थितियां दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के अनुकूल बनने लगी है।
15 से 17 अक्टूबर के बीच मानसून किसी भी समय उत्तराखंड से वापसी कर सकता है। वहीं, उत्तराखंड के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश की मुख्य वजह आंधी-तूफान बताया जा रहा है। ऐसे में यह अध्ययन का विषय है कि इस परिस्थिति का निर्माण जलवायु परिवर्तन या फिर किसी अन्य कारणों से हुआ है। वहीं, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात की संभावना बनी हुई है। जिसकी ऊंचाई करीब चार हजार मीटर से अधिक रहेगी।
स्टेशनवार तापमान:- स्टेशन अधिकतम न्यूनतम
हल्द्वानी 30 22
मुक्तेश्वर 24 16
नैनीताल 22 17
रामनगर 32 26
अल्मोड़ा 26 20
चंपावत 30 23
बागेश्वर 27 20
पिथौरागढ़ 28 21
रुद्रपुर 36 24
30 डिग्री रहा हल्द्वानी का अधिकतम पारा-: हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक अधिक था। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा।
तवाघाट लिपुलेख मार्ग बंद-: लिपुलेख मार्ग में सबसे खतरनाक बने स्थल मलघाट के पास मार्ग खुल चुका है। मलघाट से निकट विगत कई दिनों से फंसे वाहन निकले सके हैं। परंतु बूंदी, छंकनरे से आगे मार्ग बंद है। पैंतीस आदि कैलास यात्री गुंजी में फंसे हैं। अब यात्रियों का धैर्य भी जबाव देने लगा है। तवाघाट- सोबला- दारमा मार्ग भी बंद है। चीन सीमा से लगे तीन दर्जन से अधिक गांवों का सम्पर्क भंग है। जिले में 15 मार्ग अभी भी बंद हैं। नदियों का जलस्तर कम हो रहा है।
इन राज्यों में बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी-: झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र के कुछ हिस्से, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु व पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज चमक व तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम श्रेणी की बारिश हो सकती है। कुछ राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग ने 16 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है।
15 अक्टूबर के बाद से थम सकता है बारिश का दौर-: आईएमडी के मुताबिक आज भी कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा। अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ और भागों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल होने के आसार हैं। आज भारत के कई राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। माना जा रहा है कि 15 अक्टूबर के बाद से बारिशों का दौर थम सकता है।